हेरोइन के साथ महिला और पुरुष गिरफ्तार
महिला के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं हत्या और तस्करी के कई मामले
अमर उजाला ब्यूरो
फगवाड़ा। फगवाड़ा अधीन रावलपिंडी पुलिस ने बाइक सवार एक पुरुष और महिला को 20 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला के खिलाफ पहले भी सीआईडी अधिकारी की हत्या कर शव खुर्द-बुर्द करने और नशा तस्करी का मामला दर्ज है।
एसपी फगवाड़ा परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि थाना रावलपिंडी प्रभारी सिकंदर सिंह ने पुलिस पार्टी समेत गश्त के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोका। इसे जसविंदर राम उर्फ जस्सी पुत्र गुरबख्श राम चला रहा था। उसके पीछे निर्मल कौर पत्नी राम लाल वासी मलकपुर थाना रावलपिंडी सवार थे। तलाशी लेने पर जसविंदर राम के पास से 5 ग्राम हेरोइन व निर्मल कौर के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उनके खिलाफ थाना रावलपिंडी में मामला दर्ज किया गया। आरोपी निर्मल के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इसके घर में इसके प्रेमी बताए जा रहे युवक की ओर से आग लगा लेने का मामला भी काफी चर्चा में आया था। एसपी भंडाल ने बताया कि निर्मल कौर पेशे से डाक्टरी का काम करती बताई जा रही है। इस पेशे की आड़ में नशा बेचने का काम करती है। इनको अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर आगे पूछताछ की जाएगी ताकि नशा तस्करी में सक्रिय अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
फोटो 19केपीटीपीपीएचजी01
नशा तस्कर महिला तथा पुरुष पुलिस पार्टी के साथ