पठानकोट। 80 करोड़ एनपीए के फेर में फंसे द् हिंदू को-ऑपरेटिव बैंक में मंगलवार को शेयर होल्डरों और खाताधारकों ने खूब हंगामा किया। शेयर होल्डरों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया। बड़ी संख्या में जुटे लोगों के कारण प्रबंधन को पुलिस बुलानी पड़ी, दो घंटे चले हंगामे के बाद थाना 1, थाना 2 और मामून थाना एसएचओ के साथ डीएसपी सिटी प्रेम कुमार ने दोनों पक्षों को समझाया। उनके आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हो गए।
जानकारी के मुताबिक सुबह 11 बजे करीब 200 शेयर होल्डर और खाताधारक बैंक के बाहर धरना देने पहुंचे थे। सीईओ अमन मेहता ने एसोसिएशन चेयरमैन एसएस बावा को अपने दफ्तर में बुलाकर समझाना चाहा पर बात बिगड़ने पर खाताधारकों और शेयर होल्डरों ने वहीं रोष व्यक्त करना शुरू कर दिया। इसके बाद डीएसपी प्रेम कुमार ने मामला शांत करवाया।
हमारे खाते सील तो बैंक कर्मियों को कैसे मिल रहा वेतन...
शेयर होल्डर एसोसिएशन के चेयरमैन एसएस बावा ने कहा कि आरबीआई ने बैंक पर कई प्रतिबंध लगाए हैं जिसके चलते आम खाताधारक और शेयर होल्डर 6 महीने में 4 हजार रुपये ही निकाल पाएंगे लेकिन बैंक मुलाजिमों को हर महीने वेतन दिया जा रहा है। वहीं पठानकोट व्यापार मंडल प्रधान अनिल महाजन ने कहा कि बैंक प्रबंधन द्वारा रिकवरी के लिए उन्हीं मुलाजिमों को लगाया गया, जिन्होंने बैंक को डुबो दिया। वहीं 80 करोड़ एनपीए के जिम्मेदार बैंक के पूर्व एमडी और डीजीएम को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि किसी के घर में शादी है, किसी ने बच्चों की फीस भरनी है पर बैंक से पैसे नहीं निकाल पा रहे।
डीएसपी प्रेम कुमार ने कहा कि बैंक और एसोसिएशन के गण्यमान्यों को बुधवार को उन्होंने अपने दफ्तर में बुलाया है। जिन मसलों पर दोनों में अनबन है, उन्हें बैठ कर सुलझाया जाएगा।
डिफाल्टरों को मौका, 8.5 फीसदी पर जमा करवा पाएंगे पैसे
हिंदू को-आपरेटिव बैंक प्रबंधन ने डिफाल्टरों को आखिरी मौका देते हुए ओटीएस (वन टाइम स्कीम) के तहत 31 दिसंबर 2018 तक के बैंक डिफाल्टरों के लिए साढ़े आठ प्रतिशत ब्याज सहित अपना पैसा जमा करवाने की सुविधा शुरू की है। ज्वाइंट रजिस्ट्रार भूपेंद्र सिंह वालिया ने बताया कि इसके लिए सहकारिता विभाग की ओर से 20 जून तक का समय रखा गया है। इस तिथि तक आवेदन करवाने वाले प्रत्येक एनपीए होल्डर को 25 प्रतिशत राशि जमा करवानी होगी। इसके बाद 29 सितंबर 2019 तक सारी राशि प्रत्येक माह के हिसाब से क्लियर करवानी होगी।
फोटो:-1-पठानकोट केहिन्दू बैंक में अधिकारियों से उलझते शेयर होल्डर एसोसिएशन चेयरमैन एसएस बावा व अन्य।