हाईवे पर टकराए दो वाहन, एक की मौत
लावारिस पशु को बचाने की कोशिश में बिगड़ा वाहनों का संतुलन
डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी तरफ से आ रही गाड़ी से टकराई कार
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। कस्बा धर्मकोट से कुछ दूरी पर मंगलवार शाम को लावारिस पशु के कारण दो गाड़ियों में भिड़ंत हो गई। हादसे में 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मोगा सिविल अस्पताल से जालंधर रेफर कर दिया गया है।
मामले की जांच कर रहे थाना धर्मकोट के एएसआई सुरजीत सिंह के अनुसार राजीव बांसल वासी परवाना नगर मोगा इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का कारोबार करता है। कारोबार के संबंध में राजीव बांसल मंगलवार को अपनी कार से जालंधर गया था। इस दौरान जब वह जालंधर से वापस लौट रहा था तो धर्मकोट से कुछ दूरी पर गांव लोहगढ़ के पास हाईवे पर एकदम से लावारिस पशु आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी डिवाइडर पार करके मोगा साइड से आ रही एक कार से जा टकराई। हादसा इतना भयंकर था कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं राजीव बांसल की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच अधिकारी के अनुसार दूसरी कार में सवार घायल व्यक्ति की पहचान विकास कुमार वासी जालंधर के रूप में हुई है। विकास को सिविल अस्पताल मोगा में प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद जालंधर रेफर कर दिया गया है। वहीं राजीव बांसल के शव को फिलहाल सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि राजीव बांसल के परिजनों की ओर से पुलिस को बयान दर्ज करवाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पता चला है कि राजीव बांसल का एक बेटा और एक बेटी है।
22मोग15 (हादसे के बाद कार के पास पड़ा विकास कुमार अपने परिजनों को फोन करते हुए)