पांच रिश्वत लेता पटवारी रंगेहाथ गिरफ्तार
कपूरथला। जमीन की निशानदेही व इंतकाल करने के एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पटवारी को विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पटवारी सतपाल का कार्यालय सुलतानपुर लोधी-डडविंडी रोड पर स्थित है, जहां विजिलेंस विभाग कपूरथला के डीएसपी कर्मवीर सिंह और इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने अपनी टीम के साथ छापा मारा तो वहां पर पटवारी रंगे हाथों किसान से रिश्वत ले रहा था। तीन सरकारी गवाहों की मौजूदगी में विजिलेंस की टीम ने पटवारी से रंग लगे पांच रुपये की राशि बरामद कर ली।
डीएसपी कर्मवीर सिंह ने बताया कि गांव मैरीपुर के निवासी किसान गुरमीत सिंह पुत्र उत्तम सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि पटवारी सतपाल ने उसकी जमीन का इंतकाल और निशानदेही करने के एवज में छह हजार रुपये की मांग कर रहा है। उसने शनिवार को पांच हजार रुपये देना मुकर्रर किया है। जब किसान पटवारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत दे रहा था तो उसी समय छापामार कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पटवारी सतपाल ने आरोप लगाया कि उसे जानबूझ कर फंसाया गया है।