3500 में ब्लड यूनिट्स बेचने के आरोप में युवक काबू
पठानकोट। पठानकोट के सिविल अस्पताल से सरकारी फीस पर ब्लड लेकर 3500 रुपये प्रति यूनिट बेचने का आरोप लगाकर ब्लड डोनर पठानकोट की टीम ने एक युवक को पकड़ है। पकड़ा गया युवक मोहल्ला काजीपुर का रहने वाला है और मेन बाजार में किसी दुकान पर काम करता है। संस्था को-ऑर्डिनेटर मुनीष सभ्रवाल ने बताया कि बार-बार मिल रही शिकायतों के बाद संस्था ने किसी साथी को मरीज का रिश्तेदार बनाकर युवक को फोन करवाया और एक यूनिट का रेट पूछा तो आरोपी युवक ने 3500 रुपये बताया। जिसके बाद ग्राहक बने सदस्य ने यूनिट खरीदने की इच्छा जताकर उसे सिविल अस्पताल बुलाया, युवक अस्पताल आया और 3500 रुपये लेकर ब्लड देकर जाने लगा तो संस्था सदस्यों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और थाना डिवीजन नंबर 1 के हवाले कर दिया। सभ्रवाल ने बताया कि नियमानुसार सरकारी अस्पताल में ईलाज के दौरान जरूरत पड़ने पर एक ब्लड युनिट 300 और प्राइवेट अस्पतालों में 1 हजार रुपये सरकारी फीस निर्धारित है, आरोपी युवक सरकारी रेट पर यूनिट खरीदकर उसे महंगे दाम में बेचता था। एएसआई बलविन्द्र ने बताया कि वह जांच करेंगे उसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।