खालिस्तानी संगठन के दोनों आतंकी तीन दिन के रिमांड पर
पुलिस के साथ साथ पूछताछ में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट।
जिला पुलिस ने एक दिन पहले यहां से गिरफ्तार दोनों संदिग्ध आंतकियों को शुक्रवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। शुक्रवार को दिन भर सीआईए स्टाफ में दोनों आंतकियों से पूछताछ का दौर चलता रहा और पंजाब पुलिस के साथ साथ आईबी समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों के आला अधिकारियों ने आंतकियों से पूछताछ की है।
जानकारी के अनुसार फरीदकोट पुलिस ने वीरवार बाद दोपहर कोटकपूरा से बठिंडा के थाना रामामंडी के गांव बंगी निहाल निवासी संदीप सिंह पुत्र निर्मल सिंह और थाना सदर डबवाली (सिरसा) के गांव चठ्ठा निवासी अमर सिंह पुत्र बख्शीश सिंह को शक के आधार पर काबू किया था और तलाशी लेने पर उनसे दो पिस्टलें व 40 कारतूस मिले थे। दोनों से सख्ती से पूछताछ करने पर उनके खालिस्तानी संगठन से जुड़े होने का खुलासा हुआ। शुक्रवार को अदालत में इन आतंकियों की पेशी के दौरान पुलिस ने अदालत से इनका 15 दिन का पुलिस रिमांड मांगा। पुलिस ने कहा कि इनके विदेश में बैठे आतंकियों से लिंक, वहां से होने वाली फंडिंग समेत इन्हें हथियार मुहैया करवाने वाले लोगों व स्पोर्ट करने वाली जत्थेबंदियों की जानकारी जुटाने के लिए काफी लंबी पूछताछ की जानी है। लेकिन अदालत ने इन्हें तीन दिन के ही रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। पुलिस अपनी पूछताछ में इनके टारगेट वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है और सुरक्षा एजेेंसियों को तो इनके तार पाकिस्तान से भी जुड़े होने की आशंका है। इसी के चलते ही दिल्ली से आए आईबी के अधिकारियों द्वारा भी जिला पुलिस की निगरानी में आरोपियों की पूछताछ की जा रही है। एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने कहा कि पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गिरफ्तार आंतकियों से कोई ठोस तथ्य सामने आने के बाद ही खुलासा किया जा सकता है।