चोरी की दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी बरामद, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चोरी की दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा गाड़ी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई निशान सिंह के अनुसार उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमनदीप सिंह उर्फ गिल वासी गांव चुगावां बाहरी राज्यों से चोरी की गाड़ियां लाकर बेचने का आदी है। इस समय आरोपी कस्बा फतेहगढ़ पंजतूर में पेट्रोल पंप की पिछली साइड खड़े होकर दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा गाड़ी बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर मंगलवार शाम करीब साढे़ पांच बजे पुलिस ने पेट्रोल पंप की पिछली साइड दबिश कर क्रेटा गाड़ी बरामद कर ली। आरोपी मौके से फरार होने में सफल हो गया। जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपी को नामजद करने के बाद से उसकी धरपकड़ जारी है।