जालंधर। देहात पुलिस ने 400 किलो चूरा पोस्त सहित दो तस्करों को काबू किया है। इस बार में एसएसपी देहाती नवजोत सिंह माहल ने बताया कि सीआईए के प्रभारी शिव कुमार को फोकल प्वाइंट नजदीक पिंड नौगज्जा के पास एक खाली इमारत के पीछे संदिग्ध हालत में खड़ा हुआ एक ट्रक दिखाई दिया। इसमें दो व्यक्ति सवार थे। शिव कुमार ने पुलिस पार्टी सहित दोनों व्यक्तियों को काबू कर ट्रक की तलाशी ली। ट्रक में बने हुए स्पेशल केबिन में 20 बोरी (400 किलोग्राम) चूरा पोस्त की बरामद हुई। आरोपियों की पहचान संदीप कुमार दीपू और भजन लाल दोनों निवासी पिंड मोहन के ठार, थाना गुरु हरसराय जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह कश्मीर से चूरा पोस्त लाकर कपूरथला में सप्लाई करते थे। पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।