मोगा। थाना सिटी पुलिस ने गश्त के दौरान बाइक सवार एक युवक और महिला से चार ग्राम हेरोइन बरामद की है। दोनों आरोपियों को नामजद करने के बाद पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया। वहां से अदालत ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर बलराज मोहन ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब दस बजे वह पुलिस टीम के साथ गांव दुन्नेके के पास गश्त कर रहे थे तो इस दौरान उन्होंने वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार को संदेह के आधार पर रोक लिया। बाइक सवार युवक और उसके साथ महिला की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनसे चार ग्राम हेरोइन और 8200 रुपये की नकदी बरामद कर ली। जांच अधिकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान गुरजंट सिंह उर्फ बलकार सिंह वासी गांव दुन्नेके और जसवीर कौर वासी गांव सेखवां (फिरोजपुर) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी गुरजंट सिंह महिला जसवीर कौर की बेटी की ननद का पति है।