पठानकोट। पठानकोट-जालंधर हाईवे तलवाड़ा जट्टा के पास ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली को गलत साइड से ओवरटेक करते वक्त ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक चला रहे इंजीनियरिंग छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठा उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक आकाश पठानिया निवासी तलवाडा के नमोली का रहने वाला था। विजय सिंह निवासी फतेहपुर को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तलवाड़ा स्थित पालीटेक्निक कालेज में आकाश पठानिया इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था। दोस्त विजय सिंह ने बताया कि बुधवार को वह अपने दोस्त आकाश पठानिया के साथ बाइक पर तलवाड़ा से पठानकोट किसी दोस्त को मिलने जा रहे थे। बाइक को आकाश पठानिया चला रहा था। पठानकोट-जालंधर हाईवे तलवाड़ा जट्टा के पास उनके आगे एक ट्रैक्टर-ट्राली जा रही थी। वह भी ट्रैक्टर-ट्राली के साथ अपनी साइड पर बाइक लेकर चल रहे थे। इसी दौरान मुकेरियां से पठानकोट आ रहे एक ट्रक ने गलत साइड से ओवरटेक करते वक्त बाइक को टक्कर मारी और आकाश को घसीटते हुए ले गया। हादसे में आकाश पठानिया की मौके पर मौत हो गई। हादसे में वह भी हाईवे पर गिरकर जख्मी हो गया। उधर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच ट्रक को पकड़ा और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर मौके पर नंगलभूर पुलिस पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर मृतक व घायल के परिवार वालों को सूचित किया।