कांग्रेस सरपंच ने की फायरिंग, दो जख्मी
पुलिस ने कांग्रेसी सरपंच समेत 11 पर किया मामला दर्ज, फरार
पानी की निकासी के लिए पाइप डालने को लेकर विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। थाना कुलगढ़ी के अंतर्गत गांव तूत में पानी की निकासी के लिए पाइप डालने को लेकर हुए झगड़े में कांग्रेसी सरपंच ने फायरिंग कर दी। इसमें ग्राम पंचायत के सदस्य समेत दो लोग जख्मी हो गए। घायलों को फरीदकोट के मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने मंगलवार को कांग्रेसी सरपंच समेत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
पीड़ित हरजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह गांव तूत की ग्राम पंचायत का सदस्य है। आरोपी रविंदर सिंह मौजूदा सरपंच है। हरजीत की गली में पानी की निकासी के लिए पाइप डाला जाना था। हरजीत ने सरपंच रविंदर को रोक दिया था। इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने हरजीत और जगजीत पर हमला बोल दिया। रविंदर ने फायरिंग कर दी। गोली के छर्रें हरजीत और जगजीत के पांव में लगे। आरोपी सुखचैन भी फायरिंग करता रहा। हरजीत ने बताया कि 31 जनवरी को किसी शादी-समारोह से वापस लौट रहे थे तो आरोपियों ने उन पर हमला बोलकर उनकी कार का शीशा तोड़ दिया था। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने हरजीत के बयान पर कांग्रेसी सरपंच रविंदर सिंह, सुखचैन सिंह, बलौर सिंह, लड्डू सिंह, राणा, बिट्टू समेत चार अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।