दो सगे भाइयों ने दोस्त से की दस लाख की ठगी
पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ किया धोखाधड़ी का मामला दर्ज, फरार
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। छावनी निवासी दो सगे भाइयों ने अपने दोस्त से दस लाख रुपये की ठगी की है। थाना सिटी पुलिस ने बुधवार को पीड़ित के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फरार हैं।
राकेश कुमार वासी छावनी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि किशन कुमार भोला और राज कुमार भोला दोनों सगे भाई हैं और उसके दोस्त हैं। दोनों ने घरेलू कामकाज के लिए उससे दस लाख रुपये लिए थे। उन्होंने एक माह के भीतर पैसे वापस करने का वादा किया था। यही नहीं दोनों ने गारंटी के लिए दो चेक पांच-पांच लाख रुपये के दिए थे। समय बीतने के बाद भी दोनों ने उसे पैसे वापस नहीं किए और सुविधा सेंटर में झूठी शिकायत दर्ज करवा दी कि उनके दो चेक गुम हो गए हैं। राकेश ने पुलिस को शिकायत देते हुए कहा कि दोनों आरोपी भाइयों ने उसके साथ इस तरह दस लाख रुपये की ठगी की है। थाना कैंट पुलिस ने बुधवार को पीड़ित राकेश कुमार की शिकायत पर किशन और राजकुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।