120 किलो चूरा पोस्त संग काबू
कपूरथला। थाना फत्तूढींगा की पुलिस ने 120 किलो चूरा पोस्त के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दूसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी फत्तूढींगा परमिंदर सिंह बाजवा ने बताया कि वह फोर्स के साथ मुंडी मोड़ पर मौजूद थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि मनजीत सिंह निवासी गांव बाजा तलवंडी चौधरियां और मक्खन सिंह निवासी मुंडी छन्ना फत्तूढींगा इंडिगो गाड़ी में सवार होकर चूरा पोस्त की खेप ले जा रहे। इस पर उन्होंने टी-प्वाइंट गांव बाजा पर नाकाबंदी कर दी। इस दौरान पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया। इस पर ड्राइवर गाड़ी रोककर खेतों की तरफ भाग गया। पुलिस ने दूसरे साथी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मक्खन सिंह और भागने वाले चालक का नाम मनजीत सिंह बताया। गाड़ी की तलाशी लेने पर 30-30 किलो चूरा पोस्त की चार बोरियां बरामद हुईं। दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके आरोपी मक्खन सिंह को अदालत पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।