साइड स्टोरी-2
जालंधर व राजपुरा से अप्रैल में दो कश्मीरी छात्र हुए थे गिरफ्तार
वेबसाइट हैक कर कश्मीर में इंटरनेट बंद होने पर भी फैलाते जहर
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। इस साल 27 अप्रैल को भी दिल्ली के साइबर क्राइम पुलिस ने जालंधर और राजपुरा में रेड कर पाक समर्थक दो कश्मीरी हैकर्स को गिरफ्तार किया था। जो जम्मू-कश्मीर बैंक, केंद्र सरकार और अन्य विभागों की करीब 500 साइट्स हैक कर चुके थे। कश्मीर में इंटरनेट बंद होने पर यह लोग वहां अपने नेटवर्क के जरिये फोन को एक्टिवेट कर देते थे। पिछले साल अप्रैल-मई में इंटरनेट पर रोक बेअसर करने के लिए स्थानीय युवाओं को वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) की जानकारी दी थी। इससे एक दूसरे को मैसेज वगैरह भेज सकते हैं।
पुलिस ने राजपुरा से बारामुला के शाहिद मल्ला को गिरफ्तार किया था। वह राजपुरा के आर्यन कॉलेज में बीसीए स्टूडेंट है। इसके बाद जालंधर के बस्ती बावा खेल एरिया में पीजी में रह रहे आदिल हुसैन तेली को पकड़ा गया, कुलगाम का आदिल जालंधर के सेंट सोल्जर कॉलेज में बीसीए स्टूडेंट था। जांच में पता चला कि दोनों पाक समर्थक हैं और देश के खिलाफ उकसाने वाली हरकतें कर रहे थे। दोनों ने माना कि वे 2014 से सक्रिय थे। आरोपी कहते हैं कि हम हिंदुस्तानी नहीं हैं। हमारा वतन पाकिस्तान है। कश्मीर को मुक्त कराने की मुहिम में वे सोशल मीडिया के जरिये मदद कर रहे थे। वेबसाइट हैक करने के बाद वे ‘फ्री कश्मीर, पाकिस्तान जिंदाबाद’ के मैसेज भी डालते थे।