छात्रा के साथ छेड़छाड़, सहपाठी समेत तीन पर केस दर्ज
जालंधर। थाना सदर पुलिस ने एक निजी संस्थान में पढ़ने वाली चंडीगढ़ की छात्रा के साथ छेड़खानी व मारपीट करने के आरोप में सहपाठी समेत तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पकड़े छात्रों की पहचान जालंधर निवासी इशांत, पंकज और दीपक के रूप में हुई है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित युवती ने बताया कि उसके साथ संस्थान में पढ़ने वाले इशांत के साथ उसकी दोस्ती थी। मंगलवार को वह उसके साथ 66 फुटी रोड पर थी। इस दौरान उसने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की, जिसका उसने विरोध किया। गुस्साए इशांत ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके कुछ देर बाद उसने अपने दोस्त दीपक और पंकज को भी मौके पर बुला लिया। उन तीनों ने उसके साथ मारपीट की। थाना सदर पुलिस ने लड़की की शिकायत पर तीनों केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।