वाहन चोरी और लूट के 7 आरोपी काबू
आरोपियों से 30,500 रुपये, सोने की दो अंगूठी, एक पिस्तौल व चोरी की पांच बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। पुलिस ने वाहन चोर और लूटपाट करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को काबू किया है, जबकि एक सदस्य भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से पांच बाइक, तीस हजार पांच सौ रुपये, एक स्कार्पियो गाड़ी और 315 बोर की पिस्तौल बरामद की है। थाना सिटी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
डीएसपी जसपाल सिंह ने बताया कि आरोपी संदीप कुमार, केवल व गुरबच्चन वासी इंदिरा कालोनी मुल्लापुर जिला लुधियाना ने फिरोजपुर शहर शांति नगर रहने वाले गुड्डी बाबा (किन्नर) के घर लूटपाट की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनके पास से 20,500 रुपये, सोने की दो अंगुठी व एक स्कारर्पियो गाड़ी बरामद की है।
इसी तरह पुलिस ने हरभजन सिंह वासी नानकसर फरीदकोट को गिरफ्तार कर दस हजार रुपये और चोरी की एक बाइक बरामद की है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी बलविंदर सिंह, कृपाल सिंह व सुखविंदर सिंह वासी हबीब वाला को गिरफ्तार कर चोरी की चार बाइक बरामद की है। बलविंदर सिंह पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया। इसी तरह पुलिस ने आरोपी गुरविंदर सिंह वासी रूकनशाह सैदावाला थाना मल्लांवाला को 315 बोर की पिस्तौल के साथ काबू किया है।