गैंगस्टर की हत्या में छह पर केस
गैंग के सरगना भोला शूटर ने दिया था घटना को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
कोटकपूरा (फरीदकोट)।
थाना सिटी पुलिस ने शनिवार देर शाम नई दाना मंडी में गैंगस्टर लवी दियोड़ा की गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में शहर के एक अन्य गैंगस्टर गुरु तेग बहादुर नगर निवासी भारत भूषण उर्फ भोला शूटर व मोहल्ला डिब्बीपुरा निवासी लवराज सिंह समेत 4 अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। लवी दियोड़ा नामजद आरोपी भोला शूटर के गैंग का ही सदस्य हुआ करता था और पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। दिलचस्प बात यह है कि दूसरे आरोपी लवराज सिंह के साथ भोला शूटर व लवी दियोड़ा की कट्टर दुश्मनी थी और 21 दिसंबर 2014 को दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर लवराज सिंह पर फायरिंग करते हुए उसे घायल कर दिया था।
पुलिस के अनुसार मृतक लवी दियोड़ा के पिता बंटी दियोड़ा के बयान पर केस दर्ज किया गया है। बंटी दियोड़ा का आरोप है कि इस घटना को भोला शूटर व लवराज सिंह ने अपने साथियों की मदद से अंजाम दिया है। उसके दोनों बेटों लवी दियोड़ा व विनय दियोड़ा के खिलाफ कई आपराधिक केस दर्ज है। उसका एक बेटा विनय दियोड़ा इन दिनों बठिंडा जेल में बंद है और लवी दियोड़ा पिछले माह 19 जून को ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
बंटी दियोड़ा का दावा है कि भोला शूटर की क्षेत्र में पहले बतौर गैंगस्टर धाक बनी हुई थी। अब उसके गैंग से जुड़े लोगों का नाम आगे था जिसकी रंजिश के चलते उसने मेरा बेटे की हत्या कर डाली। पुलिस रिकार्ड के अनुसार लवी दियोड़ा पर इरादा ए कत्ल, लूटपाट, चोरी व मारपीट आदि के कुल 9 मामले दर्ज थे। एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।