अमर उजाला ब्यूरो
कोटकपूरा (फरीदकोट)। मोहल्ला कश्मीरियां में शनिवार बाद दोपहर दो अज्ञात मोटर साइकिल सवार एक कारोबारी से 3 लाख 70 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे प्रेम कुमार पुत्र जगदीश राज स्थानीय आईडीबीआई से कैश निकलवाने के लिए गए थे। वहां उन्होंने बैंक से 3 लाख 20 हजार रुपये अपने खाते से निकलवाए। 50 हजार रुपये उसके पास पहले से थे। इन रुपयों को वह एक थैली में डालकर लौट रहे थे। मोहल्ला कश्मीरियां में नारायण की हट्टी के पास उन्हें एक बाइक सवार ने रोका। इसी दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो व्यक्ति ने उनसे नकदी वाला लिफाफा छीना और वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची और अपनी पड़ताल शुरू की। इस संबंध में थाना सिटी प्रभारी खेम चंद पराशर ने बताया कि मामले में वे विभिन्न पहलुओं से जांच कर रहे हैं। आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के पास और उस रास्ते की तरफ आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।