जेल से अस्पताल जाते समय फरार कैदी शाम को जालंधर से हुआ काबू
- दुराचार-हत्या के बहुचर्चित सुनैना हत्याकांड का दोषी है भीमा
- पुलिस को चकमा देकर भागने के बाद गर्ल फ्रेंड के घर में ली थी शरण
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
जालंधर के बहुचर्चित सुनैना दुराचार और मर्डर केस का मुख्य आरोपी पंकज सिंह संधू उर्फ भीमा बुधवार को उस समय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जब उसे डाक्टरी जांच के लिए माडर्न जेल से सिविल अस्पताल लाया जा रहा था। वह काला पीलिया से पीड़ित था। इसीलिए इलाज की मंशा से जेल पुलिस अन्य तीन कैदियों के साथ उसे भी अस्पताल ले जा रही थी। हालांकि जालंधर के थाना भार्गव की पुलिस ने शाम को उसे आबादपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। फरार होने के बाद उसने अपनी गर्ल फ्रेंड के घर शरण ली थी।
साल 2009 के बहुचर्चित सुनैना हत्याकांड में कोर्ट ने भीमा और दो उसके दो अन्य साथियों बद्री कालोनी के संदीप कुमार सैंडी, लसूड़ी मोहल्ला के रोहित कुमार उर्फ बब्बू को 26 फरवरी 2015 को 20 साल की सजा सुनाई थी। जबकि इस मामले के दो अन्य आरोपियों रमेश कुमार (रोहित के भाई) और बस्ती दानिशमंदा निवासी जगदीप कुमार बिल्ला को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इन दोनों पर हत्या के सुबूत मिटाने और झूठी जानकारी देने के मामले में सात साल की सजा अलग से सुनाई गई थी।
डीएसपी जेल ललित कोहली ने बताया कि भीमा और चार अन्य कैदियों के साथ जेल से छह पुलिसकर्मियों की एक टीम चिकित्सा जांच के लिए सिविल अस्पताल गई गई थी। जब पुलिस भीमा को ले जा रही थी, उसी दौरान अचानक पुलिस को दूसरी तरफ धकेल दिया और मौके से भाग गया। एसएचओ सिटी कपूरथला पुलिस जतिंदरजीत सिंह ने बताया कि फरार पंकज सिंह संधू उर्फ भीमा की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
यह था सुनैना हत्याकांड
जालंधर शहर के ग्रीन पार्क इलाके में स्थित एक खाली प्लाट में 11 नवंबर, 2009 को एक लड़की का झुलसी अवस्था में शव मिला था। शव की शिनाख्त सुनैना के रूप में हुई थी। मृतका की मां मनजीत कौर ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई। कहा था कि 10 नवंबर को सुनैना अपनी दोस्त ममता से मिलने बस्ती दानिशमंदा के समीपवर्ती गांव नाहलां गई थी, लेकिन वह वापस नहीं आई। अगली सुबह जब उसे पुलिस की ओर से शव की पहचान के लिए बुलाया गया तो उसने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की थी। सुनैना के शव को केरोसिन डालकर जलाया गया था। मौके से पुलिस ने एक शराब की बोतल, गिलास और नमकीन के पैकेट बरामद किए थे।
कपूरथला मॉडल जेल में काला पीलिया के प्रकोप से हड़कंप
कपूरथला मॉडल जेल में बंद कैदियों में काला पीलिया बीमारी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इसे लेकर जेल प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है। चिकित्सकों का कहना है कि यह बीमारी दूषित पानी के सेवन से भी हो सकती है। इसलिए जेल में कैदियों के लिए पेयजल की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। गौरतलब है कि बुधवार को फरार कैदी पंकज सिंह संधू उर्फ भी काला पीलिया बीमारी से पीड़ित था। उसके साथ तीन अन्य बीमार कैदियों को इलाज के लिए जेल पुलिस सिविल अस्पताल लेकर आ रही थी।