छात्र पर तेजाब फेंकने वाला आरोपी काबू
फिरोजपुर। पुलिस ने सोमवार को कक्षा नौवीं के छात्र पर तेजाब फेंकने वाले आरोपी व्यक्ति को 48 घंटे के भीतर पकडने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का छात्र के घर आना-जाना था, लेकिन किसी रंजिश के चलते उसने छात्र पर तेजाब फेंका था। पुलिस उक्त मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है। एसएसपी प्रीतम सिंह ने बताया कि 19 फरवरी की शाम साढ़े चार बजे छात्र केशव पुत्र संजीव वासी अंदरूनी अमृतसरी गेट फिरोजपुर शहर ट्यूशन पढने साइकिल पर जा रहा था। उसी समय किसी नकाबपोश व्यक्ति ने उस पर तेजाब फेंक दिया। जिस कारण उसका चेहरा झुलस गया था। आरोपी ने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था जिस कारण छात्र उसे पहचान नहीं सका था। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को पकडने के लिए एसपी (डी) अजमेर सिंह बाठ, डीएसपी (डी) भूपिंदर सिंह भुल्लर, डीएसपी मनमोहन सिंह ओलख, एसएचओ थाना सिटी जसवीर सिंह व सीआईए स्टाफ के इंचार्ज अवतार सिंह ने टेकनीकल तरीके से बुधवार आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान नितिश सहगल उर्फ निखिल (26) पुत्र केवल कृष्ण वासी कसूरी चौक, जंडी मुहल्ला फिरोजपुर शहर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शहर स्थित मोदी मिल के सामने कोयले वाली दुकान से तेजाब खरीदा था। तेजाब बेचने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।