एक तरफ चोरों ने कई स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती खड़ी की, वहीं पुलिस ने भी तीन वाहन चोरों को काबू किया।
इनमें एक फिरोजपुर का शातिर वाहन चोर ओम प्रकाश है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसीपी सेंट्रल जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने नाकेबंदी कर ओम प्रकाश निवासी लद्देवाली को काबू कर लिया। ओम प्रकाश मूल रूप से होशियारपुर का रहने वाला है।
वह अस्थायी रूप से लद्देवाली इलाके में बसा हुआ था। ओम प्रकाश पटेल अस्पताल के निकट से बाइक चुराकर भाग रहा था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसीपी जसबीर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ फिरोजपुर में 22 केस दर्ज थे। वह एक साल पहले ही जमानत पर आया था और जालंधर में आकर रहने लगा था।
वहीं पुलिस ने सूर्या इंक्लेव इलाके से भारत नगर निवासी कन्नू व बबलू को चोरी की बाइक व मोबाइल के साथ काबू किया है। इनका एक साथी सूरज फरार है।
वहीं दूसरी तरफ चोरों ने बस्ती गुजां स्थित मोची मोहल्ला में 70 साल की विद्यावती के घर की दीवार तोड़कर नकदी व सामान चुरा लिया। विद्यावती ने बताया कि वह डेढ़ माह पहले अपने बेटे के पास शिमला गई थी। रविवार को वापस लौटी तो पाया कि मकान की पिछली दीवार टूटी हुई थी और अंदर से सामान गायब थे।
वहीं चोरों ने लक्ष्मीपुरा के रहने वाले रवि शर्मा के घर को भी निशाना बनाकर नकदी व आभूषण चुरा लिए। रवि शर्मा परिवार के साथ राहो एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गया था। उसके भाई दीपक ने फोन कर चोरी की सूचना दी। चोरों ने अंदर से हजारों की नकदी, चांदी के आभूषण व सामान चुरा लिया।