जालंधर। इस्लामगंज में एक जमीन के झगड़े को लेकर कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। इन लोगों की मांग थी कि इस जगह पर अवैध निर्माण किया गया है व इस निर्माण को तोड़कर वहां पर पार्क बनाया जाए।
इस दौरान धरना देने वालों ने पुलिस कमिश्नर मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इन लोगों का आरोप था कि पुलिस कमिश्नर ने उन्हें 10 बजे का समय दिया था, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस बारे में वह नगर निगम को लिखित में दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने कहा कि इस जगह पर बाबा साहेब के नाम पर पार्क बनने वाला था, जिसका 32 लाख रुपये का टेंडर पास हुआ। कुछ लोग कह रहे हैं कि यह प्रॉपर्टी उनके नाम पर है, लेकिन यह नगर निगम की जगह है।
मामला बढ़ता देख सेंट्रल हलके के विधायक रमन अरोड़ा मौके पर पहुंचे व उन्होंने धरना देने वालों की बातों को सुना। उन्होंने सुबह 10 बजे दोनों पक्षों को मेयर दफ्तर में पहुंचने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वहीं पर सभी अधिकारियों व दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद फैसला लिया जाएगा। विधायक की बात मानकर धरना देने वालों ने अपना धरना खत्म किया।