फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalandhar News: वाट्सअप पर आए लिंक पर क्लिक करते ही कंप्यूटर अध्यापक से 13.80 लाख की ठगी

Thu, 20 Feb 2025 11:06 PM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जालंधर
विज्ञापन
विज्ञापन
एक सप्ताह के अंदर ही वेस्ट बंगाल की फर्म ने लगाया चूना
विज्ञापन

खुद की रकम के साथ दोस्तों-रिश्तेदारों से भी लिया लाखों का उधार
थाना साइबर क्राइम में फर्म समेत दो के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी


कपूरथला। सरकारी कंप्यूटर टीचर को शेयर मार्केट निवेश के लिए आए लिंक पर क्लिक करना महंगा पड़ गया। एक ही सप्ताह में सरकारी टीचर से वेस्ट बंगाल की फर्म ने 13.80 लाख रुपये की मोटी रकम हड़प ली। यहीं नहीं, कंप्यूटर टीचर ने मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में खुद की रकम के साथ-साथ दोस्तों-रिश्तेदारों से भी लाखों रुपये उधार लेकर झाेक डाले।
थाना साइबर क्राइम की पुलिस ने वेस्ट बंगाल की फर्म समेत दो के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। वहीं, एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने कहा कि सोशल मीडिया पर आने वाले ऐसे किसी भी अनाधिकृत निवेश लिंक पर क्लिक करने से गुरेज करें।
विज्ञापन

एसएसपी कपूरथला को दी शिकायत में सुखवंत सिंह निवासी भुलत्थ जिला कपूरथला ने बताया कि वह शिक्षा विभाग में सरकारी हाई स्कूल भदास में बतौर कंप्यूटर टीचर तैनात हैं। उन्हें 10 जून को मोबाइल पर वाट्सअप के जरिये लादिया शर्मा नाम के व्यक्ति का एक मैसेज प्राप्त हुआ, जिसने उसे शेयर मार्केट के संदर्भ में पूछा तो उसने हां कह दिया। इसके बाद उसे शेयर मार्केट संबंधी मैसेज आने लगे। शुरुआत में तो उसने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। फिर कुछ दिन बाद 05 जुलाई को उसे शेयर मार्केट से संबंधित मैसेज के साथ एक लिंक आया। उसे लिंक में अपनी डिटेल भरने के लिए कहा गया, जिससे वह शेयर मार्केट के स्टाॅक ले सकें। फिर उसे पैसे बैंक खाता और आईएफएससी कोड भेजा गया और उसके मोबाइल नंबर को एक वाट्सअप ग्रुप में जोड़ लिया गया। इस दौरान उसकी स्टाॅक संबंधी बातचीत होती रही। इन लोगों ने उसे पैसे निवेश करने के लिए झांसे में ले लिया। फिर उनके कहे अनुसार सुखवंत ने 8 से 19 जुलाई तक उसने खुद की रकम के अलावा अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से उधार लेकर करीब 13.80 लाख रुपये की रकम जमा कर दी।
विज्ञापन

21 जुलाई को उसकी बनाई आईडी में एक कंपनी के आईपीओ शो होने लगा, जिसकी कीमत 50-60 लाख रुपये से ऊपर थी, जिसे खरीदने के लिए उसे विवश किया जाने लगा। उसके इन्कार करने पर उक्त लोग उसे पेमेंट करने के लिए धमकियां देने लगे कि उसकी आईडी में रखे सारे स्टॉक सेल करके रिकवरी करेंगे और कानूनी कार्रवाई अमल में लाएंगे। इतना सब होने के बाद उसे समझ आ गया कि उसके साथ फ्राॅड हुआ है। उसकी आईडी का बैलेंस खाली कर दिया गया। जब उसने कंपनी के मोबाइल नंबर पर नेटवर्क और वाट्सअप कॉल करनी चाही तो दोनों पर फोन नहीं लग रहा। उसने एसएसपी से रकम वापस करवाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसएसपी ने मामले की जांच का जिम्मा थाना साइबर क्राइम की एसएचओ मनदीप कौर को सौंपा। साइबर क्राइम की पुलिस ने तथ्यों की जांच करने के बाद रिपोर्ट डीएसपी सीएडब्ल्यू को सौंपी, जिन्होंने डीए लीगल की सलाह लेने के बाद वेस्ट बंगाल की एक फर्म समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें