आरोपी क्लर्क ने मांगी थी 50 की रिश्वत
संवाद न्यूज एजेंसी
मुक्तसर। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की ओर से राज्य में चलाए जा रहे भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत रविवार को नगर परिषद मलोट में तैनात क्लर्क सुरेश कुमार को एक गरीब विधवा से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को मलोट शहर निवासी एक विधवा महिला द्वारा दर्ज कराई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) मिशन के तहत उसके घर के निर्माण के लिए मंजूर की जाने वाली राशि के बदले उक्त क्लर्क ने 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। जब शिकायतकर्ता ने दबाव डाला तो वह उक्त राशि किस्तों में लेने के लिए सहमत हो गया। इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और उक्त कर्मचारी को शिकायतकर्ता के घर से 20 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के पास से रिश्वत की राशि मौके पर ही बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के बठिंडा रेंज थाने में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच जारी है।
(जगदीश जोशी, मुक्तसर)