फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalandhar News: मतगणना के दौरान जालालाबाद में बवाल, आईटीआई काउंटिंग सेंटर के बाहर चक्का जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
-विपक्षी दलों ने लगाए धांधली के आरोप, एक घंटे बाद प्रशासन ने दिया आश्वासन
विज्ञापन

-संवाद न्यूज एजेंसी
जालालाबाद। ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों की मतगणना के दौरान जालालाबाद में बुधवार को उस समय बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब आईटीआई में स्थापित काउंटिंग सेंटर के बाहर राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस ने एकजुट होकर जिला प्रशासन पर मतगणना प्रक्रिया में पक्षपात और धक्केशाही के गंभीर आरोप लगाए, जिससे स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही।
प्रवेश को लेकर उठा विवाद
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उम्मीदवारों और उनके अधिकृत एजेंटों को काउंटिंग सेंटर के भीतर जाने से रोका जा रहा है, जबकि सत्ताधारी दल के नेताओं को बिना रोक-टोक प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही बैलेट पेपरों के साथ छेड़छाड़ कर मतगणना में गड़बड़ी की कोशिश किए जाने का भी दावा किया गया। इन आरोपों के विरोध में तीनों दलों ने फिरोजपुर–फाजिल्का मुख्य मार्ग पर धरना देते हुए सड़क जाम कर दी।
विज्ञापन

नेताओं ने संभाला मोर्चा
धरने की अगुवाई कांग्रेस के पूर्व मंत्री हंसराज जोसन और वरिष्ठ नेता राज बख्श कंबोज, भाजपा के जिला प्रधान सुखविंदर सिंह कंबोज, ब्लॉक समिति प्रत्याशी कैप्टन गुरचरण सिंह (शौर्य चक्र), तथा अकाली दल के नेता डॉ. राज सिंह डिब्बीपुरा और जगसीर सिंह बब्बू जैमलवाला ने की। नेताओं ने आरोप लगाया कि एक स्थानीय विधायक के इशारे पर प्रशासन लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर रहा है।
आमजन को उठानी पड़ी परेशानी
चक्का जाम के चलते मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूल बसों, एंबुलेंसों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से मोड़ा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी गुरसेवक सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस उप कप्तान ने बताया कि काउंटिंग सेंटर में कड़े सुरक्षा इंतजाम हैं और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जा रही है।
विज्ञापन

एक घंटे बाद खत्म हुआ धरना
करीब एक घंटे बाद प्रशासन ने उम्मीदवारों और एजेंटों को नियमों के तहत प्रवेश देने का भरोसा दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ और यातायात बहाल कर दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें