मोगा। कोट ईसे खां में एक साल के मासूम बच्चे की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान दिव्यांश पुत्र जतिन, निवासी साधांवाली बस्ती, चीमा रोड के रूप में हुई है। यह घटना तब हुई जब बच्चा अपने पिता के साथ सड़क किनारे खड़ा था।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता जतिन उसे बच्चों की गाड़ी में बैठाकर खड़े थे। वे बस्ती की गली के पास सड़क किनारे मौजूद थे। इसी दौरान चीमा रोड की तरफ से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। यह कैरी से भरी हुई थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मासूम दिव्यांश को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चा ट्रैक्टर के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार के सदस्य और बस्तीवासी आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। इसके विरोध में कोट ईसे खां के मुख्य चौक के चारों रास्ते बंद कर दिए गए। कुछ समय के लिए धरना भी दिया गया। पुलिस ने परिवार के बयान के आधार पर ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज किया। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।