फिरोजपुर। कैंटोनमेंट बोर्ड फिरोजपुर में वर्ष 2016 में हुए करोड़ों के सीवरेज घोटाले की सीबीआई जांच रिपोर्ट के बाद बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभाग के सब-डिवीजन इंजीनियर (एसडीई) को चार्जशीट जारी की है। सीबीआई ने मामले में तत्कालीन सीईओ, एसडीई व तीन ठेकेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। तत्कालीन सीईओ के खिलाफ प्रिंसिपल डायरेक्टर डिफेंस स्टेट (पीडी आफिस) में विभागीय जांच चल रही है।
सीबीआई ने अपनी रिपोर्ट में संबंधित विभाग को एसडीई पर मेजर पेनाल्टी लगाने की सिफारिश की है। वहीं विभाग की तरफ से आरोपी ठेकेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। सीबीआई ने 27 मई 2016 को कैंटोनमेंट बोर्ड फिरोजपुर के सीवरेज घोटाले में तत्कालीन सीईओ, एसडीई सतिश कुमार, एस.के कांस्ट्रक्शन, शक्ति मित्तल कांस्ट्रक्शन व गोरी शंकर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सीबीआई ने मामले की जांच पूरी कर एक साल पहले संबंधित विभाग को रिपोर्ट सौंप दी थी।
सीबीआई ने अपनी जांच रिपोर्ट में एसडीई पर मेजर पेनाल्टी लगाने की सिफारिश की है। बाकी आरोपियों पर विभागीय जांच की बात कही है। तत्कालीन सीईओ के खिलाफ पीडी आफिस जांच कर रहा है। जानकारों का कहना है कि बोर्ड के अधिकारियों की हुई बैठक में फैसला लेने के बाद एसडीई सतीश कुमार को चार्जशीट जारी की है। एसडीई को 21 दिन में जवाब देने की बात कही है, जवाब देने के बाद विभागीय जांच शुरू होगी।
कैंटोनमेंट बोर्ड के प्रधान नियुक्त करेंगे जांच अधिकारी
जानकारों का कहना है कि एसडीई के जवाब देने के बाद कैंटोनमेंट बोर्ड के प्रधान (डिप्टी जीओसी) जांच अधिकारी नियुक्त करेंगे। बताया जा रहा है कि जांच के लिए सेना के किसी अधिकारी को नियुक्त किया जा सकता है। सीबीआई ने जांच से संबंधित सभी दस्तावेज और रिपोर्ट संबंधित विभाग को एक साल पहले सौंप दी थी। बोर्ड के अधिकारियों की तरफ से एक्शन एक साल बाद लिया जा रहा है।