संवाद न्यूज एजेंसी
कीरतपुर साहिब। बुंगा साहिब में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें माइनिंग विभाग की चेक पोस्ट पर खड़े टिपर से एक स्विफ्ट कार टकरा गई। इस टक्कर में महिला और बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने माइनिंग विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को पीटा और सरकारी बोलेरो गाड़ी पलट दी।
लुधियाना निवासी अतिंदर सिंह अपने परिवार के साथ श्री आनंदपुर साहिब से लौट रहे थे। बुंगा साहिब के पास माइनिंग विभाग की चेक पोस्ट पर एक टिपर की जांच चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक वाहन की टक्कर से स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर टिपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। कार सवार घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। उन्होंने माइनिंग विभाग की चेकिंग और चालान को लेकर रोष जताया। हालात बिगड़ने पर माइनिंग विभाग के कर्मचारियों को वहां से भागना पड़ा। पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति संभाली और माइनिंग विभाग की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की।
माइनिंग विभाग के एक्सईएन भावुक शर्मा ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें अपनी ड्यूटी निभा रही थीं और वाहनों की जांच कर रही थीं। ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की पिटाई और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाना गंभीर मामला है। उन्होंने बताया कि इस घटना से विभाग के कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है।