-कहीं समय से पहले खुले बैलेट पेपर, कहीं अनुमति के बावजूद प्रवेश नहीं मिलने का दावा
-
संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। जिला परिषद और ब्लॉक समिति सदस्यों के चुनावों के परिणाम घोषित करने के लिए बुधवार सुबह पठानकोट जिले के विभिन्न मतगणना केंद्रों पर काउंटिंग शुरू होते ही भारी हंगामा देखने को मिला। कई केंद्रों पर मतगणना प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। विपक्षी दलों ने प्रशासन और सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।आरोप है कि कुछ केंद्रों पर तय समय से पहले बैलेट पेपर खोल दिए गए जबकि कई स्थानों पर अधिकृत पास और अनुमति पत्र होने के बावजूद उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों को काउंटिंग सेंटर में प्रवेश नहीं दिया गया। विपक्ष का कहना है कि जानबूझकर मतगणना की गति धीमी कराई गई ताकि परिणामों को प्रभावित किया जा सके।
जिले में मतगणना के शुरुआती राउंड में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर रही। कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही जबकि बसपा और आजाद उम्मीदवार खाता खोलने में असफल रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच घरोटा, नरोट जैमल सिंह, एबी कॉलेज, सुजानपुर और धारकलां क्षेत्रों में मतगणना कराई गई। सूत्रों के अनुसार माधोपुर क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के एक नेता की हार के बाद दोबारा मतगणना भी कराई गई, जिस पर विपक्ष ने सवाल खड़े किए।
घरोटा केंद्र पर भाजपा का धक्केशाही का आरोप
हलका भोआ से भाजपा की पूर्व विधायक सीमा कुमारी ने घरोटा स्थित मतगणना केंद्र पर आप सरकार और जिला प्रशासन पर धक्केशाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनके पास काउंटिंग सेंटर में प्रवेश की वैध अनुमति थी, लेकिन गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उनके दस्तावेज ले लिए और बाद में उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता भी विरोध में शामिल हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मतगणना पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराई जा रही है। किसी भी अनियमितता की शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।