संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुहरसहाय (फिरोजपुर)। क्षेत्र के एक स्कूल में छात्र को लाठी से पीटकर जख्मी करने के आरोप में थाना गुरुहरसहाय पुलिस ने स्कूल के वाइस प्रिंसिपल व शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपियों ने छात्र को दफ्तर में बंद कर लाठी से पीटा था।
छात्र अरमान ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि कक्षा में शिक्षक कश्मीर सिंह से उसने चैप्टर समझाने को कहा था, लेकिन उन्होंने समझाया नहीं। इसके अलावा कश्मीर सिंह ने कक्षा में एक सवाल का गलत जवाब बताया था। जब उसने गूगल पर सर्च कर उक्त सवाल का जवाब देखा तो वह कुछ और था। इस पर उसने कश्मीर सिंह से कहा कि आपने सवाल का जवाब गलत बताया है। इस बात से कश्मीर सिंह उससे रंजिश रखते थे। शनिवार को कश्मीर उसे पकड़कर प्रिंसिपल के पास ले जाने लगे। प्रिंसिपल अपने चैंबर में मौजूद नहीं थे तो वे उसे वाइस प्रिंसिपल इंद्रजीत सिंह के पास ले गए। इंद्रजीत ने अपने दफ्तर का दरवाजा बंद कर उसे लाठी से बुरी तरह पीट कर जख्मी कर दिया। अरमान सरकारी अस्पताल में दाखिल है। थाना गुरुहरसहाय पुलिस ने अरमान के बयान पर वाइस प्रिंसिपल इंद्रजीत सिंह पुत्र प्रताप सिंह और शिक्षक कश्मीर निवासी गुरुहरसहाय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।