संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के खिलाफ अभियान में एक ट्रैवल एजेंट पर मामला दर्ज हुआ है। आरोपी पर एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये ठगने का आरोप है।
डीएसपी धर्मकोट सुखविंदर सिंह बराड़ के अनुसार, मोगा निवासी बलराज सिंह ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिया गया था। चंडीगढ़ निवासी आकाशदीप हैयर ने वीजा फाइल के नाम पर 10 लाख रुपये लिए। रकम लेने के बाद भी आरोपी ने बेटे को विदेश नहीं भेजा। वह लगातार वीजा प्रक्रिया को लेकर झूठे आश्वासन देता रहा। बाद में पता चला कि विदेश भेजने के लिए कोई फाइल लगाई ही नहीं गई थी। पुलिस जांच में आरोप सही पाए जाने पर आकाशदीप के खिलाफ केस दर्ज हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।