संवाद न्यूज एजेंसी
मुक्तसर। नगर काउंसिल चुनाव में कांग्रेसियों व अकालियों में हुई झड़प के मामले में पुलिस ने नगर काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष हरपाल सिंह बेदी, विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी के सचिव बिंदर गोनियाना समेत छह लोगों पर थाना सदर में केस दर्ज किया है। अन्य मामले में थाना सिटी पुलिस ने कांग्रेस समर्थक की शिकायत पर शिअद प्रत्याशी समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी प्रेमनाथ ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता सुधीर राए पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि वह वार्ड नंबर चार के उम्मीदवार यादविंदर सिंह यादू और रिंकू बावा के साथ चुनाव प्रचार कर रहे थे। इस दौरान वार्ड नंबर चार के उम्मीदवार हरमनजीत सिंह, नगर काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष हरपाल सिंह बेदी, उसके पुत्र अभीजीत सिंह बेदी, शिअद विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी के सचिव बलविंदर सिंह बिंदर गोनियाना, चरणजीत सिंह, निम्मा सिंह ने उन पर तेजधार हथियारों के साथ हमला कर दिया। इससे वह से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
अन्य मामले में वार्ड नंबर 18 के शिअद उम्मीदवार टेकचंद बत्रा को पैसे बांटने से रोकने पर कांग्रेसी उम्मीदवार के समर्थकों से मारपीट करने के आरोप में टेक चंद बत्रा और उसके पुत्र साजन बत्रा, राजन बत्रा के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने साजन बत्रा को काबू कर लिया है।
कांग्रेसी उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह बराड़ के समर्थक मनप्रीत मनी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि वह 13 फरवरी की रात करीब 11 बजे डेयरी से वापस आ रहा था। टेक चंद बत्रा को रुपये बांटने से रोका तो उन्होंने अपने आठ से दस साथियों सहित उस पर हमला कर दिया। घायल मनी को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।