बिजली दरों के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेताओं की ओर से शुक्रवार को किए गए प्रदर्शन के मामले में सिटी पुलिस ने पार्टी के जिला प्रधान सहित कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने 144 के आदेश न मानने तथा बिना मास्क घूमने के चलते डिजास्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की ओर से जिला प्रधान शिव कर्ण चेची, सतनाम जलवाहा, राजदीप शर्मा, गगन अग्निहोत्री, शिव कौड़ा, मनदीप अटवाल, भूपिंदर सिंह, राज रानी, सतनाम जलालपुर, रणजीत राणा, बलिहार सिंह लौहटिया व अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 188, 269, 270 व नेशनल डिजास्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, पार्टी के जिला प्रधान शिव कर्ण चेची ने कहा कि कोरोना की आड़ में लोगों की मांगों को दबाने की कैप्टन सरकार की सोच कामयाब नहीं होने दी जाएगी। लोगों के हकों के लिए आवाज उठाते रहेंगे।