फिरोजपुर। गांव कुलगढ़ी के बाजार में शनिवार को देर शाम एक युवक पर कार सवारों ने गोली चला दी, जो उसके पैर में जा लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फरीदकोट के मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया गया है। उधर, थाना कुलगढ़ी पुलिस ने रविवार को पीड़ित के बयान पर नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
अकाशदीप सिंह (30) वासी गांव रूकनशाह वाला थाना मल्लांवाला जिला फिरोजपुर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह अपने चाचा कुलदीप सिंह व अरविंदर सिंह के साथ शनिवार को देर शाम गांव कुलगढ़ी के बाजार गया था। वहां कारों में आए आरोपी सुखजिंदर सिंह वासी रूकनशाह वाला ने जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी। गोली अकाशदीप के पैर में लगी, जिससे वह जख्मी हो गया। आरोपी वहां से भागने में कामयाब हो गए। अकाशदीप ने बताया कि एक साल पहले उसका मामूली झगड़ा हुआ था, जिसे पंचायत व रिश्तेदारों ने राजीनामा करवा दिया था। इसी बात की आरोपी उससे रंजिश रखते हैं।
एएसआई राज सिंह के मुताबिक अकाशदीप के बयान पर आरोपी सुखजिंदर सिंह, शिवचरण सिंह, धर्मेंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह को नामजद कर कुल नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।