संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। जीरा-मक्खू त्रिकोणी मोड़ के पास कार सवार चार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के मुलाजिम से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैग में एक लाख 8454 रुपये थे, जो विभिन्न गांवों के ग्रामीणों से लोन की किश्त इकट्ठी करके ला रहा था। आरोपी जाते समय मुलाजिम से मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेज भी ले गए। उधर, थाना जीरा पुलिस ने शुक्रवार को चार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
पीड़ित जसबीर सिंह वासी मानसा (मौजूदा पता जोहल नगर जीरा) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह एक फाइनेंस कंपनी में बतौर मुलाजिम कार्यरत है। जिन लोगों ने उनकी कंपनी से कर्ज लिया था, उनसे किश्त इकट्ठी करके बाइक पर वह आफिस लौट रहा था। जैसे ही जीरा-मक्खू त्रिकोणी चौक के पास पहुंचा, वहां पर एक काले रंग की ऑल्टो आई और उसमें से उतरे चार बदमाशों ने उसका रुपयों वाला बैग छीन लिया।
बैग में एक लाख 8454 रुपये थे। आरोपी जाते समय बदमाश उसका मोबाइल फोन, पावर बैंक और कर्ज से संबंधित दस्तावेज भी छीनकर फरार हो गए। उधर, वारदात की जांच कर रहे एएसआई परमजीत सिंह के मुताबिक पीड़ित जसबीर के बयान पर चार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी है।