फिरोजपुर। गांव प्यारेआना के पास सोमवार शाम कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो नौजवानों में से एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान विक्रमजीत सिंह निवासी कमगर के रूप में हुई है। वहीं, घायल का नाम गुरसुखविंदर सिंह निवासी ईंटा है। थाना घल्लखुर्द पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रछपाल सिंह निवासी कमगर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका बेटा विक्रमजीत सिंह (19) और उनका रिश्तेदार गुरसुखविंदर सिंह निवासी ईंटा बाइक से प्यारेआना स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने जा रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विक्रमजीत सिंह व गुरसुखविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विक्रमजीत की मौत हो गई। एएसआई मंगल सिंह के मुताबिक रछपाल सिंह के बयान पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।