मोगा-कच्चा जीरा स्थित गांव मनावा के पास कार और बाइक की टक्कर में मोटर साइकिल सवार गुलजार दीन गांव कोटली अबलू (मुक्तसर) की मौत हो गई।
उनकी पत्नी को गंभीर हालत में फरीदकोट रेफर किया गया है। थाना कोट ईसे खां पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक लाल दीन पुत्र मुहम्मद सदीक गांव लुहाम (फिरोजपुर) ने बताया कि उनकी बहन निक्की और जीजा गुलजार दीन बाइक पर जीरा जा रहे थे। गांव मनावा के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए।
दोनों को सिविल अस्पताल जीरा में दाखिल करवाया गया जहां डॉक्टरों ने उनके जीजा गुलजार दीन को मृत घोषित कर दिया। उनकी बहन की नाजुक हालत को देखते हुए उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया। जांच अधिकारी सहायक थानेदार काबल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। कार चालक योगेश जिंदल पुत्र राम किशन निवासी जीरा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।