पुल पर नहीं थी रेलिंग, गाड़ी रोककर चेकिंग करते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिल्का। भारत-पाकिस्तान सीमा के पास गांव नूरशाह में एक दर्दनाक हादसा हुआ। ड्रेन के पुल पर नाकाबंदी के दौरान बीएसएफ के एक जवान की पुल से नीचे गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 19वीं बटालियन के एएसआई लक्खा सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के मोगा जिले के निवासी थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीएसएफ टीम पुल पर नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। एएसआई लक्खा सिंह एक वाहन की तलाशी ले रहे थे। पुल की एक तरफ रेलिंग नहीं थी जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। वह सीधे नीचे जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। साथी जवान उन्हें तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों में रोष
ग्रामीणों ने बताया कि ड्रेन पुल की एक तरफ लंबे समय से रेलिंग नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उनकी कई मांगों पर ध्यान नहीं दिया। इस हादसे के बाद ग्रामीण अब प्रशासन और स्थानीय विधायक से मिलेंगे। वे पुल की मरम्मत और रेलिंग लगाने की मांग करेंगे। डॉक्टर प्रतीक के अनुसार जवान का शव शव परीक्षण के लिए शवगृह में रखा गया है और पुलिस को सूचना दी गई है।