-दूसरा इनाम 50,000 व तीसरा इनाम 25,000 रुपये का होगा
-अब तक विभाग ने 9 करोड़ रुपये का लगाया जुर्माना
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि कर अनुपालन में पारदर्शिता और नागरिक भागीदारी बढ़ाने के लिए बिल लाओ इनाम पाओ योजना में विस्तार किया जाएगा। योजना में अब एक तिमाही बंपर ड्रा जोड़ा जाएगा, जिसके माध्यम से जनता को बड़े नकद इनाम दिए जाएंगे।
चीमा ने बताया कि हर तिमाही में योजना में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को 1 लाख रुपये का पहला, 50,000 रुपये का दूसरा और 25,000 रुपये का तीसरा इनाम जीतने का अवसर मिलेगा। मेरा बिल एप में सेवा क्षेत्र जैसे रेस्तरां, सैलून और बुटीक से संबंधित बिल अपलोड करने और इनाम वितरण की एक समर्पित प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। चीमा ने कहा कि उपभोक्ताओं की संदेह दूर करने के लिए एक रीयल-टाइम चैटबॉट भी लॉन्च किया जाएगा। अब एप इंग्लिश के साथ-साथ पंजाबी और हिंदी भाषाओं में भी उपलब्ध होगा। अप्रैल से अगस्त 2025 के बीच कुल 30,769 बिल अपलोड किए गए, जिनमें से 1,263 विजेताओं ने कुल 78,13,715 रुपये की इनामी राशि जीती। उन्होंने कहा कि अपलोड किए गए सभी बिलों की कर विभाग द्वारा सख्ती से जांच की जाती है। बिल जारी न करने व उसमें अनियिमतताओं पर योजना की शुरुआत से कुल 9.07 करोड़ रुपये के जुर्माने लगाए गए हैं, जिनमें से 7.31 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है।