पठानकोट में अश्वनी शर्मा की कोठी के पास समर्थकों सहित धरना देते सिमरजीत सिंह बैंस।
- फोटो : PATHANKOT
लोक इंसाफ पार्टी (लिप) के प्रमुख एवं विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने शनिवार को कहा कि अकाली दल और भाजपा ने गठबंधन तोड़कर आत्महत्या की है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा खाता नहीं खुलेगा और अकालियों का हाल अभय चौटाला जैसा होगा। बैंस कृषि कानूनों के खिलाफ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की कोठी का घेराव करने पहुंचे थे।
गाड़ियों के बड़े काफिले और भारी दल-बल के साथ पठानकोट पहुंचे सिमरजीत बैंस को पुलिस ने अश्वनी शर्मा की कोठी से डेढ़ किमी पहले ही रोक लिया। इस पर वह करीब 50 समर्थकों के साथ पैदल ही कोठी के पास पहुंचे। पुलिस ने बेरीकेडिंग उन्हें अश्वनी शर्मा के घर के पास नहीं जाने दिया। इस पर लिप समर्थकों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कोठी से 200 मीटर दूर ही दरियां बिछाकर धरना दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान पत्रकारों से से बातचीत में बैंस ने कहा अगले विधानसभा चुनाव में अकाली दल सिंगल डिजिट पार्टी बनकर रह जाएगी, यानि 9 से अधिक सीटों पर नहीं जीत सकेंगे। बैंस ने भाजपा, अकाली और कांग्रेस को जमकर कोसा। बैंस ने 2022 में प्रदेश की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा करते हुए कहा कि पंजाब में ईमानदार सरकार आएगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने भाजपा सांसदों, विधायकों को नींद से जगाने की मुहिम की शुरू की है। शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के जिले से की गई है। उन्होंने कहा कि कृषि कानून किसानों की मौत का फरमान हैं। यह कानून किसानों को जमीन के मालिक से खेत मजदूर बना देगा।
मुख्यमंत्री को विशेष सत्र बुलाने का सुझाव दिया
बैंस ने बताया कि उन्होंने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को ई-मेल और पत्र के जरिये सुझाव दिया है कि विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाया जाए। इसमें यह तय किया जाए कि किसानों की फसल खरीदते समय एमएसपी से एक भी रुपया कम देने वाले पर गैर जमानती धारा के तहत पर्चा दर्ज हो और बिना पंजाब के डोमिसाइल कोई व्यक्ति प्रदेश में जमीन न खरीद सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का जीएसटी, नोटबंदी का अधिक विरोध होता न देख हौसला बढ़ गया है। अब पंगा पंजाबियों से हैं। पंजाब में इमरजेंसी लगाने के बाद जो हाल कांग्रेस का हुआ था, अब वही हाल मोदी सरकार का होगा।