शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया पिछले 10 वर्षों से कानूनी मामलों के कारण चर्चा में हैं। वह 2017, 2022 और अब 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले लगातार राजनीतिक निशाने पर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने तीनों चुनावों में उन्हें चुनावी मुद्दा बनाकर अकाली दल को घेरा है।
2017 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने मजीठिया पर नशा तस्करों से संबंध के आरोप लगाए थे। पार्टी के नेताओं ने उन्हें जेल भेजने का वादा किया। बाद में मजीठिया ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया। मार्च 2018 में केजरीवाल ने मजीठिया से माफी मांग ली। हालांकि, नशे के आरोपों की जांच जारी रही और 2022 चुनाव से ठीक पहले प्राथमिकी दर्ज हुई। 20 दिसंबर 2021 को मोहाली में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।