तेजधार हथियार दिखाकर हाईवे पर बाइक छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सीआईए स्टाफ व थाना सिटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई 10 बाइक और वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस को उनके तीसरे साथी की तलाश है।
एसएसपी कंवरदीप कौर व डीएसपी (डी) सरबजीत राय ने बताया कि सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर परमजीत सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि दाना मंडी के नजदीक दो संदिग्ध युवक लूटी गई दो बाइकों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में खड़े हैं। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम गुरप्रीत सिंह उर्फ मोटा उर्फ जग्गा पुत्र शमशेर सिंह उर्फ कका तथा कुलजिंदर सिंह उर्फ कालू पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव लाटियांवाल थाना सुल्तानपुर लोधी बताया। उन्होंने माना कि वे तेजधार हथियारों की नोक पर हाईवे से गुजरने वाली बाइक लूटने वाले गैंग के सदस्य है और कपूरथला व जालंधर जिलों में बड़ी संख्या में बाइक लूट चुके है। इसके अलावा उन्होंने मैरिज पैलेसों व बाजारों में भी खड़ी बाइकें भी चुराई हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आठ और बाइक बरामद की है। इस मामले में एक तीसरे साथी का भी पता चला है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि 22 मई 2021 को उन्होंने गांव भाणोलंगा के नजदीक दातर की नोक पर एक बाइक लूटी थी। इसके बाद उन्होंने 23 मई 2021 को कपूरथला के मंडी क्षेत्र में दातर की नोक पर बाइक छीनी। इससे पहले वे 26 अप्रैल 2021 को जिला जालंधर के गांव रुपेवाल में तेजधार हथियारों की नोक पर एक बाइक छीन चुके हैं। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि दोनों आरोपी पहले से ही आपराधिक मामलों में शामिल है। गिरफ्तार आरोपी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ नशीले पदार्थों तथा मारपीट के संबंधी तीन मामले थाना सुल्तानपुर लोधी में दर्ज है। जबकि दूसरे आरोपी कुलजिंदर सिंह के खिलाफ थाना नकोदर तथा सुल्तानपुर लोधी में नशीले पदार्थों की बरामदगी संबंधी दो मामले दर्ज है। दोनों आरोपी नशे की हालत में लूटपाट तथा चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनसे गहन पूछताछ जारी है, जिसमें और लूटी गई बाइकों के बरामद होने की संभावना है। साथ ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।