चंडीगढ़ के बाद नेताओं की मांग पर जालंधर में भारतीय जनता पार्टी जनता की विधानसभा का आयोजन एक निजी होटल में हुआ जिसमें प्रदेश प्रधान अश्विनी शर्मा सहित कई सीनियर नेता शामिल हुए। विधानसभा की कार्यवाही शुरू करने के लिए पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को पहला स्पीकर और जालंधर के पूर्व जिला प्रधान रमन पब्बी को सेक्रेटरी नियुक्त किया गया।
जिन्होंने सदन की कार्यवाही शुरू करते हुए पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने कहा कि जो ताल ठोक कर कहते थे नशा खत्म कर देंगे, किसानों को एमएसपी देंगे और जनता की सुख सुविधाओं का ख्याल रखते हुए बेहतर सड़कें देंगे, खोखले निकले। आम जनता की सरकार कहने वाले ने 5.30 करोड़ रुपए विज्ञापन पर खर्च कर दिए।
वीआईपी कल्चर खत्म करने वाले आज 42 वाहनों का काफिला लेकर चलते हैं और दूसरी पार्टियों के नेताओं और प्रसिद्ध लोगों की सिक्योरिटी वापस लेकर और की जान खतरे में डाली। सरकार के सिक्योरिटी वापस लेने की एडवर्टाइजमेंट के कारण प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्दू मूसे वाला और इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर संदीप नंगल अंबिया को गैंगस्टरवाद का शिकार होना पड़ा।
जो कि सरकार पैदा कर रही है इसका उदाहरण लुधियाना में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ पुलिस अधिकारियों की सेल्फी बयां करती है। पहले सीएम गलत कामों को रोकता था अब वह खुद गलत काम कर रहे हैं। अंत में खन्ना ने कहा 2003 के बाद विधायक नहीं बना, आज जनता की विधानसभा में मुद्दे उठाकर फिर से लोगों के लिए कुछ करना चाहता हूं। खन्ना की रखी बात का समर्थन सभी सीनियर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बेंच थपथपा का किया।
पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा सरकार मोहल्ला क्लीनिक लेकर आई और पंजाब पर दिल्ली मॉडल थोप दिया। जहां सिर्फ ब्लड टेस्ट और दवाई ही मिलती है लेकिन अस्तित्व खो रहे सिविल अस्पतालों मैं दो पैसों का काम नहीं हुआ और ना ही मरीजों को दवाइयां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि माइनिंग पर कार्रवाई की तो होशियारपुर में एसएससी बदल दिया और जालंधर में दुकानों के विवाद में विधायक ने डीसीपी से मारपीट की और पीएपी भिजवा दिया।
यहां विधायकों का गुंडाराज ही खत्म नहीं हो रहा है तो जनता के हितों की रक्षा कौन करें। जिस पार्टी का स्पीकर कनाडा में खालिस्तानी बाजवा के साथ बैठकर डिनर करें कानून व्यवस्था की बात कैसे कर सकते हैं। मजाकिया लहजे में कालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ब्रेन गेन करने की बात कहते हैं, बच्चे शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब आए तो लगा यहां बस जाएंगे लेकिन उन्हें बसाने की वजाय मुख्यमंत्री ने खुद का घर बसा लिया।
संगरूर लोक सभा चुनाव में हार के बाद सरकार का हनीमून नहीं हुआ तो खुद हनीमून पर चले गए। उन्होंने कहा कि बीएमडब्ल्यू का मतलब भगवंत मान वेडिंग है, पंजाब में बीएमडब्ल्यू कार कारखाना भले ही ना लगे पर वेडिंग का फल अगले साल जरूर लग जाएगा।
पंजाब की मौजूदा स्थिति पर बोलते हुए सीनियर नेता सुनील जाखड़ ने कहा जहां चीफ सेक्रेट्री, डीजीपी और ए जी को बिना किसी बात के बदल दिया जाता है या छुट्टी पर भेज दिया जाए तो स्थिति कहां तक ठीक रहेगी। सरकार खुद अधिकारियों को दबाव में रहकर काम करने के लिए बाध्य कर रही है। जाखड़ ने कहा कि सब फड़े जांणगे, मतलब मनीष सिसोदिया के बाद राघव चड्ढा पर कार्यवाही को लेकर मुख्यमंत्री केजरीवाल की आशंका जताने पर तंज कसा।
अब गैंगस्टरों को मुख्यधारा में लाने की बात की जा रही है केजरीवाल और भगवंत मान साहब इनकी बजाए युवाओं को संभाले कहीं गैंगस्टर ना बन जाए। उन्होंने भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए नेताओं को तंज कसते हुए कहा हमारे कुछ लोग पीएचडी करने आम आदमी पार्टी में गए हैं क्योंकि वहां फ्री में झूठ मिलने की पीएचडी आसानी से होती है।
उन्होंने सदन में प्रस्ताव रखा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हम गैंगस्टरों की प्रॉपर्टी अटैच करने के अलावा पंजाब में शांति बहाल करने के लिए प्रस्ताव रखते हैं जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। जाखड़ ने कहा पहले कनाडा से हेरोइन आती थी अब दुबई से मुंबई पोर्ट होते हुए करोड़ों की हेरोइन पंजाब पहुंच रही है यह सब केजरीवाल के टेररिस्ट के घर डिनर करने का नतीजा है।
शहर के मुद्दों को उठाते हुए जालंधर वेस्ट के इंचार्ज महेंद्र भगत और नेता दर्शन लाल भगत ने कहा आप मैं 50 से अधिक पॉकेट मार विधायक है अब लोग कह रहे हैं कि हमें तो झाड़ू को बोल दिया था यह कैसे बन गया। जालंधर में डेंगू पैर पसार रहा है और निगम की फॉर्मिंग वाली पांच बड़ी मशीनें खराब पड़ी है और की मशीनें भी आधे से ज्यादा खराब है क्योंकि फंड ही नहीं मिल रहा।
सदन में किसानों का मुद्दा उठा तो पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पराली का हल तो निकाल ले सके और किसानों के खेतों पर लाल लकीर चलाने की बात करते हैं। जिससे उन्हें सरकार की सुविधाओं का लाभ ना मिले इसी के विरोध में बरनाला में किसान धरना दे रहे हैं। एमएसपी की बात की थी कुछ नहीं हुआ, मांगों को लेकर धरना देने पर लाठीचार्ज किया जा रहा है।
इस पर अविनाश राय खन्ना ने कहा किसान सम्मान निधि योजना और एमएसपी केंद्र ने बढ़ाई। इस पर भाजपा नेता रणजीत सिंह खोजेवाल ने कहा कि वह किसान परिवार से हैं। सरकार ने धान की बिजाई को बिना पानी करने के लिए 1500 रुपए प्रति एकड़ देने का ऐलान किया था। सरकार ने 15 करोड़ विज्ञापन पर खर्च कर दिए लेकिन किसानों के बनते 28 करोड़ रुपए अभी तक जारी नहीं किए।
यह किसानों की हितैषी सरकार नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि पंजाब का पानी किसी भी कीमत पर बाहरी राज्यों को नहीं दिया जाएगा। सरकार ने किसानों को पराली को संभालने के संसाधन नहीं दिए लेकिन सुविधाएं छीनना चाहते हैं। पंजाब में चरमराई कानून व्यवस्था का मुद्दा उठा तो भाजपा के पंजाब महामंत्री जीवन गुप्ता ने कहा सरकार हमें काला दौर याद करवा रही है। हमने इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी और मशहूर गायक को खोया है।
सदन में आखरी भाषण पंजाब भाजपा के प्रधान और पठानकोट से विधायक अश्विनी शर्मा का रहा जिन्होंने किसानी मुद्दों, लॉ एंड ऑर्डर, पंजाब के मौजूदा हालात, सरकार के कामों और विकास की पहिए थमने पर आम आदमी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में भाजपा की जनता की विधानसभा लगी तो मुख्यमंत्री मान को विश्वास प्रस्ताव के साथ जनता के मुद्दे भी याद आ गए।
भाजपा की जनता की विधानसभा की खास बात रही कि उसे 3 स्पीकरों ने चलाया। पहले भाजपा नेता और पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों स्पीकर बने, फिर जालंधर के प्रभारी तीक्ष्ण सूद को स्पीकर बनाया गया और अंत में पूर्व सीपीएस केडी भंडारी ने सदन की कार्यवाही को पूरा करवाया।