जालंधर। पिछले लंबे समय से अपनी मांगो को लेकर संर्घष कर रहे बीएड टेट पास बेरोजगार अध्यापक यूनियन पंजाब के सदस्य वीरवार को जालंधर के बस स्टैंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। इससे पहले अध्यापक 14 अक्तूबर को मोहाली के सोहाना में पानी की टंकी पर चढ़ गए थे और आज जालंधर के बस स्टैंड नजदीक बनी टंकी पर चढ़कर अध्यापकों ने प्रर्दशन किया।
बेरोजगार पीटीआई 646 अध्यापक यूनियन की अगुआई में सैकड़ों की संख्या में यूनियन के सदस्य बस स्टैंड पर इकट्ठा हो गए थे। जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। पानी की टंकी पर चढ़े इन चार अध्यापकों का कहना था कि शिक्षा मंत्री जल्द से जल्द उनकी भर्तियां करने का इश्तिहार जारी करें। फिर ही वह पानी की टंकी से नीचे आएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वह पंजाब के नए बनाए गए शिक्षा मंत्री परगट सिंह के साथ मीटिंग कर चुके हैं। आश्वासन के बावजूद, उसे लागू नहीं किया गया। इस प्रर्दशन दौरान पानी की टंकी पर बैठे यूनियन के सदस्यों ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन ने उनके साथ किसी प्रकार की भी धक्केशाही या जबरदस्ती करने की कोशिश की तो इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे।