पठानकोट। नौकरी की मांग के लिए संघर्ष कर रहे बैराज बांध विस्थापितों की कमेटी ने वीरवार को रणजीत सागर बांध परियोजना के मुख्य अभियंता के कार्यालय को ताला लगा दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। एक बुजुर्ग मेन गेट के बाहर लेट गए। वहीं, कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाए जाने के बाद अधिकारियों को अंदर जाने के लिए पिछली खिड़की का सहारा लेना पड़ा। अध्यक्ष दयाल सिंह के नेतृत्व में संघर्ष कमेटी के विस्थापितों ने पंजाब सरकार और बांध प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
दयाल सिंह ने बांध प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह पिछले कई वर्षों से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। मगर बांध प्रशासन उन्हें झूठे आश्वासन देकर बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जब उन्होंने शाहपुरकंडी पावर हाउस का निर्माण कार्य बंद करवाया था तो उस समय मुख्य अभियंता ने उनसे बैठक कर एक सप्ताह के भीतर पंजाब के जल स्रोत सचिव से बैठक करवाने की बात कही थी। मगर 16 दिन बीत जाने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी बात नहीं सुनी गई तो वह अपना संघर्ष तेज करने पर मजबूर होंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी बांध प्रशासन की होगी।