संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। जालंधर के गांव रुड़का कलां में गोली लगने से बैंक गार्ड की मौत हो गई। गोली गार्ड की अपनी ही दोनाली बंदूक को साफ करते हुए लगी। मृतक की पहचान 34 वर्षीय अनूप संघेड़ा पुत्र दविंदर सिंह, गोराया के रूप में हुई है। पूर्व सरपंच कुलवंत सिंह संधू ने बताया कि अनूप संघेड़ा गोराया में को-ऑपरेटिव सोसाइटी बैंक में गार्ड के तौर पर कार्यरत था। शनिवार व रविवार को दो छुट्टियां होने के कारण वह अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक साथ लेकर आया था। इस दौरान वह दोनाली की सफाई कर रहा था कि अचानक गोली चल गई जो उसके सिर में लगी और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बारे में एसएचओ गोराया सिकंदर सिंह विर्क ने बताया कि उन्हें बैंक गार्ड के गोली लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद चौकी इंचार्ज रुड़का कलां अमनदीप सिंह व पुलिस पार्टी भी मौके पर पहुंची। मौके पर जाकर देखा तो अमन का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने दोनाली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर भेज दिया है।