गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब बाबा फरीद सोसायटी ने बाबा फरीद आगमन पर्व पर 23
सितंबर को दिए जाने वाले वार्षिक पुरस्कारों के लिए शख्सियतों को चयनित
करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ईमानदारी व मानवता की सेवा को समर्पित इन
महत्वपूर्ण पुरस्कारों के लिए कोई भी व्यक्ति या संस्था 30 अगस्त तक
सोसायटी के पास आवेदन कर सकती है।
सोसायटी के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह
खालसा ने बताया कि अवार्डो के लिए चयनित होने वाली शख्सियतों को बाबा फरीद
आगमन पर्व के 800 साला कार्यक्रमों के अंतिम दिन 23 सितंबर को गुरूद्वारा
गोदड़ी साहिब में होने वाले धार्मिक समागम में एक-एक लाख रुपये समेत
सिरोपा, दोशाला देकर सम्मानित जाएगा। पंजाब से संबंधित या पंजाब में सेवा
निभाने वाला व्यक्ति या संस्था साधारण कागज पर दस्तावेजों के साथ अपने
आवेदन 30 अगस्त तक सोसायटी के मुख्य कार्यालय बाबा फरीद पब्लिक स्कूल में
भेज सकते है। इन आवेदनों पर सोसायटी अपनी कमेटी की पड़ताल के उपरांत चयनित
शख्सियतों के नामों की घोषणा करेगी।
उन्होंने बताया कि इस बार सोसायटी
ने 9वीं से 12वीं कक्षा तक के स्टूडेंट्स के बीच प्रदेश स्तरीय भाषण व लेख
मुकाबले भी करवाने का फैसला किया है। बाबा फरीद के दो श्लोकों पर होने वाले
मुकाबलों में पहले तीन स्थान पर रहने वाले स्टूडेंट्स को क्रमवार 30, 20 व
10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही पांच स्टूडेंट्स को 5-5
हजार के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष
वार्षिक पुरस्कार समारोह में पिछले 15 वर्षो के दौरान सम्मानित शख्सियतों
को भी आमंत्रित किया गया है और 800 साला के उपलक्ष्य में उनका भी विशेष रूप
से सम्मान किया जाएगा।