मोगा मार्ग पर नकोदर-मल्सियां रास्ते पर केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश के बेटे संजीव कुमार के पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश लुटेरों ने लूट की कोशिश की लेकिन मौके पर शोर मच जाने के कारण लुटेरे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए। लोगों को इकट्ठा होता देखकर लुटेरे फरार हो गए। वहीं घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसको कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मौके से पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। एक मोबाइल भी पुलिस को मौके पर मिला है, आशंका है कि यह लुटेरों का मोबाइल है।
पंप के कर्मचारी संदीप ग्रोवर ने शिकायत में बताया कि शनिवार रात 8:45 पर मोटरसाइकिल (नंबर पीवी 08 सीटी 6496) पर आए नकाबपोश लुटेरों ने 500 रुपये का पेट्रोल डलवा लिया। जब उसने पैसे मांगे तो बाइक पर बैठे दोनों लुटेरे नीचे उतरे, जबकि एक बाइक पर बैठा रहा। लुटेरा दातर निकालकर धमकी देने लगा। दातर देखकर उसने शोर मचा दिया और उनकी लुटेरों से हाथापाई भी हुई। पंप में मौजूद बाकी स्टाफ भी दौड़ता हुआ आया तो लुटेरे फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर 3 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री सोमप्रकाश के बेटे से इस बारे बात नहीं हो पाई है, लेकिन जालंधर के एसपी रविंदरपाल सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।