थाना मल्लांवाला के अंतर्गत गांव जल्ले वाला में जमीन विवाद के चलते तीन लोगों ने ट्रैक्टर से कुचल कर किसान की हत्या का प्रयास किया। जख्मी किसान को फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया है। थाना मल्लांवाला पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित किसान के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित किसान बलबीर सिंह वासी जल्ले वाला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी दिलबाग सिंह के साथ उसका जमीन का विवाद चल रहा है। आरोपी अपने बेटे और पोते के साथ ट्रैक्टर लेकर उसकी जमीन जोतने लगा था। जब उसने जमीन जोतने से मना किया तो आरोपी दिलबाग सिंह और उसके बेटे ने उस पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। जख्मी हालत में लोगों ने उसे फरीदकोट के मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया।
पीड़ित किसान बलबीर सिंह के बयान पर पुलिस ने आरोपी दिलबाग सिंह, दिलबाग के बेटे गुरमेज सिंह और पौते अकाशदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई सुदेश कुमार के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।