अमेरिका के वायोमिंग राज्य में कैलिफोर्निया के पंजाबी सिख ट्रक चालक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इंटरस्टेट-80 हाईवे के पास एक विश्राम स्थल के बाथरूम में घुसे हमलावर ने पहले चालक के सिर और गर्दन पर मुक्के मारे, फिर उसकी बाजुओं, छाती और पसलियों पर चाकू से कई वार किए।
हमले में 28 वर्षीय चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कैलिफोर्निया के सैन गैब्रियल निवासी 44 वर्षीय एंड्रयू क्रिस बज़डक को गिरफ्तार किया है। उस पर हत्या के प्रयास का संदेह है। घायल चालक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सैक्रामेंटो में रहने वाले ट्रक चालक सिंह ने सैक्रामेंटो बी को बताया कि वह अपना ट्रक खड़ा करने के बाद बाथरूम में गया था। वहां आईने में देखते समय उसने पीछे एक अजनबी को आते देखा। नीले रंग का ट्रैकसूट पहने हमलावर ने अचानक उसकी गर्दन पर मुक्का मारा और उसे दीवार से धकेलकर चेहरे पर कई वार किए।
सिंह ने हमलावर को पीछे धकेलने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद आरोपी ने चाकू निकाल लिया और उस पर हमला कर दिया। सिंह के मुताबिक, उसके हाथों, गर्दन और छाती पर चाकू के घाव आए। बाईं छाती में बाजू के नीचे गहरा घाव हुआ, जबकि दाहिने हाथ पर चोट इतनी गंभीर थी कि उसे हड्डी दिखाई दे रही थी।
सिंह ने बताया कि उसे लगा कि अब उसका आखिरी समय आ गया है। खून बहने के बावजूद उसने हमलावर से बचने के लिए संघर्ष जारी रखा। इसी दौरान फिसलन भरे फर्श पर आरोपी का पैर फिसल गया। इसके बाद वह बाथरूम से बाहर निकला और अपने ट्रक में बैठकर मौके से फरार हो गया। घायल सिंह मदद के लिए अंधेरे पार्किंग क्षेत्र की ओर निकला और अपने फोन से 911 पर कॉल किया।
इसी दौरान उसे वहां एक परिवार दिखाई दिया। उसने परिवार को अपने ऊपर हुए हमले की जानकारी दी और मदद मांगी। सिंह के अनुसार, परिवार ने हमलावर का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बाद में वापस आकर उसकी सहायता की। परिवार के सदस्य एंबुलेंस आने तक उसके साथ रहे। सिंह ने उनकी मदद के लिए आभार जताया।